कानून व्यवस्था के यूपी मॉडल के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सीएम योगी ने कहा कि पुलिस के लिए ढांचागत सुविधाओं में वृद्धि, पुलिस बल में सुधार और उन्हें अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ने पर अच्छे परिणाम मिले हैं। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के बारे में उन्होंने कहा कि राज्य में संगठित अपराध समाप्त हो गया है, ऐसे अपराधी या तो जेल में हैं या पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए हैं।
माफिया के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में सीएम योगी ने कहा कि माफिया और गैंगस्टरों की 44.59 अरब रुपये की अवैध संपत्तियों को या तो जब्त कर लिया गया है या ध्वस्त कर दिया गया है, उन्होंने कहा, “सरकार लड़कियों के लिए कॉलेज और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए घर बना रही है। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में शुरू हुए दो दिवसीय चिंतन शिविर में अलग-अलग प्रदेशों के मुख्यमंत्री, गृह मंत्रियों के साथ-साथ उपराज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासक भी शामिल हुए।