दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा का मसला छाया रहा। सत्ता पक्ष ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के प्रदर्शन को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक बताकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
वहीं, विपक्ष का कहना था कि कभी नेताओं की सुरक्षा पर तंज कसने वाली आम आदमी पार्टी आज अपने मुख्यमंत्री को सुरक्षा देने की बात कर रही है। लक्ष्मी नगर से विधायक नितिन त्यागी ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दिल्ली पुलिस और रेलवे पुलिस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के साथ महिला प्रदर्शनकारियों ने खींचतान की।
इस दौरान सुरक्षाकर्मी हंस रहे थे। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री की जान को खतरा है, तो यह सुरक्षा में भारी चूक है। सोची समझी साजिश के तहत इसे अंजाम दिया गया।