शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने कहा कि भाजपा के नेता सादा जीवन-उच्च विचार और राष्ट्र निर्माण जैसे भाषण सिर्फ जनता को गुमराह करने के लिए देते हैं। सच तो यह है कि इनको गरीबों की चिंता नहीं है। भाजपा आप सरकार पर ऐश्वर्य समेत अनेक आरोप लगाती रही है।
भाजपा कहती थी कि सरकार के मुख्यमंत्री व मंत्रियों को इन सुविधाओं की जरूरत क्या है, अब दिल्ली में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। जब भाजपा की बारी आई तो वह तीन महीने में ही अपना व्यवहार बदल दी। भाजपा के अंदर आए इस बदलाव को दिल्ली की जनता को भी समझना चाहिए।
अनिल झा ने कहा कि शुचिता की राजनीति का दम भरने वाली भाजपा की सीएम रेखा गुप्ता को दो आलीशान बंगले आवंटित किए गए हैं। बंगले का पता 1/8 और 2/8 राजनिवास है। एक बंगले में 15 कमरे हैं। दोनों बंगले में कुल 30 कमरे हैं। दोनों बंगलों के रेनोवेशन का आदेश दिए जा चुके हैं। दोनों बंगलों में बिजली के 62 केवीए के 14 जेनरेटर लगाए जाएंगे।
अनिल झा ने कहा कि भाजपा के नेता आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते थे। अब वह क्या कहेंगे। कुछ माह पहले भाजपा और उसके दीनदयाल उपाध्याय शोध संस्थान के विद्वान विचारक खर्चे पर सवाल उठाते थे, इतना खर्च करने की जरूरत क्या थी, अब वह खुद अपनी मुख्यमंत्री के लिए 30 कमरों का माया महल तैयार कर रहे हैं। सीएम रेखा गुप्ता को भी पहले से आवंटित मकान में ही रहना चाहिए, इतना खर्च करने की क्या जरूरत है।
ये भी पढ़ें: CM Death Threat: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी दिल्ली-गाजियाबाद पुलिस