बिजली कटौती पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सख्ती के बाद बिजली वितरण कंपनियों ने अपने सिस्टम की मरम्मत करना शुरू कर दिया है। बिजली गुल की शिकायत के लिए बीएसईएस के लिए एक नया नंबर लांच करने के साथ ही कॉल सेंटर कर्मियों की संख्या में भी 50 फीसदी का इजाफा किया गया है।
जल्द शिकायतों के निपटारे के लिए इमरजेंसी कंट्रोल और स्पेशल क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी)भी गठित की गई है। मुख्यमंत्री ने डिस्कॉम्स को चेतावनी दी थी कि यदि उपभोक्ताओं को दिक्कत हुई तो बिजली वितरण कंपनियों के लाइसेंस रद्द करने पर भी विचार किया जाएगा।
बिजली गुल होने पर राजधानी पावर लिमिटेड के उपभोक्ता 33517100 और बीवाईपीएल के उपभोक्ता 30079300 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अतिरिक्त फोन नंबर एक जून से काम करना शुरू कर देगा और 31 अगस्त तक चलेगा। कॉल सेंटर में कर्मियों की संख्या भी दोगुनी की गई है। बीएसईएस की ओर से फील्ड में 200 अतिरिक्त लोगों की तैनाती की जा रही है।