सीएम आतिशी रविवार को रंगपुरी पहाड़ी पहुंचीं तो लोगों ने उन्हें क्षेत्र में साफ-सफाई, नालियों के ओवरफ्लो व सड़कों की समस्याएं गिनाईं। आतिशी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जल्द समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
चुनावों से पहले रंगपुरी पहाड़ी पर भी सियासत गरमा गई है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना की ओर से इलाके का दौरा कर खस्ताहाल बुनियादी सुविधाओं पर सवाल उठाने के बाद रविवार को मुख्यमंत्री आतिशी इलाके में पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया। वहीं, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार का ध्यान इस दिशा में दिलाने के लिए एलजी को धन्यवाद दिया है।
विज्ञापन
दरअसल, उपराज्यपाल ने शनिवार को स्थानीय सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के साथ दौरा कर सोशल मीडिया पर बदतर हालात की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि यहां बुनियादी नागरिक सुविधाओं व सेवाओं का घोर अभाव है। एलजी ने केजरीवाल, आतिशी और संबंधित मंत्रियों से आग्रह किया कि वे इन क्षेत्रों का दौरा कर दयनीय स्थिति को सुधारने के तुरंत कदम उठाएं।
इधर, इस दिशा में कदम उठाते हुए आतिशी रविवार को रंगपुरी पहाड़ी पहुंचीं तो लोगों ने उन्हें क्षेत्र में साफ-सफाई, नालियों के ओवरफ्लो व सड़कों की समस्याएं गिनाईं। आतिशी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जल्द समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। आतिशी के मुताबिक, वे एलजी का धन्यवाद करती हैं कि वे यहां आए और ध्यान आकर्षित किया। एलजी ने मुंडका इलाके में न्यू रोहतक रोड की टूटी सड़क के बारे में बताया था। अब एक तरफ की सड़क बन गई है। ग्रैप-4 हटते ही दूसरे हिस्से की भी सड़क बन जाएगी। डेढ़ सौ करोड़ की लागत से यहां पूरा नया ड्रेनेज सिस्टम बन रहा है।
विज्ञापन
केजरीवाल ने एलजी को दिया धन्यवाद
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि एलजी ने जो कमियां बताई हैं, उन्हें दूर करेंगे। एलजी नांगलोई-मुडंका रोड पर गए थे। उन्होंने कहा था कि वहां पर गड्ढे हैं, वह सड़क बननी शुरू हो गई है। थोड़े दिन में आतिशी उसका उद्घाटन भी करेंगी। केजरीवाल ने उपराज्यपाल से निवेदन करते हुए है कि वह उनकी कमियां बताएं, वे सारी कमियों को दूर करेंगे।