कलस्टर बस सेवा के चालक वेतन व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर 17 नवंबर को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जा रहे हैं। मांगों को लेकर प्रदर्शनकारी मिलेनियम डिपो के गेट के बाहर विरोध धरना देंगे।
प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी न होने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी है। कलस्टर बस सेवा एसो. के पदाधिकारी वीरेंद्र सिंह के मुताबिक, नारंगी बसों के चालकों को नियमों के तहत वेतन समेत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वीरेंद्र के मुताबिक, सभी चालकों को नियुक्ति तिथि से नियुक्ति पत्र दिया जाए।
पे -स्लिप पर सारे फंड का विवरण हो, ई-एस की सुविधा मिले, ईपीएफ की कटौती नियमानुसार करके स्लिप दी जाए, अनुचित तरीके से निकाले गए कर्मियों का बहाल किया जाए, ओवर टाइम लागू हो।
जाम या ब्रेकडाउन होने के कारण चालकों को किलोमीटर व इंसेटिव पूरा दिया जाए, बोनस समय व बकाया बोनस दिया जाए, डयूटी समय छह घंटे व 108 किलोमीटर किया जाए, दोनों पालिसी का संचालन डिपो से कराया जाए व काम समान तो वेतन भी समान देने आदि की मांग है।