दिल्ली में जारी बारिश का सिलसिला, 15.6 एमएम बारिश, तापमान में गिरावट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार को रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह से काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे उमस व गर्मी से राहत मिली। हालांकि, जलभराव व ट्रैफिक जाम से ऑफिस जाने वालों व छात्रों को घंटों परेशानी उठानी पड़ी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सफदरजंग मानक केंद्र में शाम 5:30 बजे तक 15.6 एमएम बारिश हुई। लोधी रोड में 26 मिमी, फार्मा साइंस रिसर्च में 13, छतरपुर में 2, पूसा में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 32.6 (सामान्य से 1.6 डिग्री कम) व न्यूनतम 26.6 डिग्री रहा। पालम में अधिकतम 31 व न्यूनतम 24.9 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने छह अगस्त के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले छह दिनों (छह से 11 अगस्त) तक बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आठ और नौ अगस्त को भी बादल रहेंगे, जबकि 10-11 अगस्त को बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31-34 व न्यूनतम 22-24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। विभाग ने जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है।