12वीं कक्षा के बाद इंटिग्रेटेड एलएलबी और ग्रेजुएशन के बाद एलएलएम में दाखिले के लिए होने वाली देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) ऑनलाइन होगी।
इसके लिए एक जनवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। परीक्षा के लिए इस बार गुडग़ांव में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यानी साइबर सिटी के छात्रों को कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लेट) देने के लिए इस बार दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी।
यह परीक्षा देश के 16 विधि विश्वविद्यालयों के अलावा अन्य शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए भी आयोजित की जाती है। गुडग़ांव के महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, एसजीटी यूनिवर्सिटी व अन्य प्राइवेट कॉलेज में भी इससे दाखिले मिलेंगे।
क्लैट ऑनलाइन का आयोजन इस बार पंजाब के राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ कराने जा रहा है। छात्रों की संख्या के आधार पर गुडग़ांव में परीक्षा केंद्र की संख्या तय होगी। 500 छात्रों पर एक परीक्षा केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया है। गुडग़ांव में अभी कहां सेंटर बनेंगे, इस बाबत कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
क्लैट में शामिल होने के लिए 12वीं में कम से कम 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं, जबकि एससी व एसटी अभ्यर्थियों के लिए यह क्राइटेरिया 40 प्रतिशत है। परीक्षा 08 मई 2016 को आयोजित की जाएगी।
पिछले साल 28 शहरों की तुलना में इस बार यह परीक्षा 42 शहरों में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देश में बीएएलएलबी की 1700 और एलएलएम की करीब 400 सीटों के लिए आयोजित की जाएगी।
वेबसाइट से मिलेगी सहायता
क्लैट को ऑनलाइन किया जा रहा है। इसलिए अभ्यर्थियों को विधि विश्वविद्यालय की वेबसाइट से सहायता मिलेगी। वेबसाइट पर छात्रों के लिए ऑनलाइन मॉक टेस्ट भी शुरू किए जाएंगे।
अमित रस्तोगी, एक्सपर्ट, क्लैट: परीक्षा ऑनलाइन होने से छात्रों को फायदा है। तैयारी को अत्याधुनिक तरीके से टाइमिंग के साथ करेंगे तो क्लैट आसान रहेगा। इस व्यवस्था से अभ्यर्थी अपने गलत जवाब को अंतिम रूप देने से पहले बदल सकेगा।
महत्वपूर्ण तारीख:
अंतिम आवेदन : 31 मार्च
एडमिट कार्ड : 15 अप्रैल
ऑनलाइन परीक्षा : 08 मई
आंसर की जारी : 12 मई
परिणाम जारी : 23 मई
सीट अलॉट : 01 जून