एनसीआर के क्लास वन स्टेशनों में शुमार ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन पर यात्रियों के पीने के लिए पानी रेलवे प्रशासन नहीं उपलब्ध करा पा रहा है। रविवार को इसका नजारा देखने को मिला। यात्री पानी के लिए भटकते रहे लेकिन उन्हें पानी नसीब नहीं हुआ। गनीमत रही कि प्लेटफार्म नंबर पर दो पर एक सामाजिक संस्था के लोग यात्रियों की प्यास बुझाते रहे।
ज्ञात हो कि रेलवे की सूची में ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन क्लास वन स्टेशन की सूची में शामिल है। अभी इस स्टेशन को मॉडल स्टेशन बनाने की तैयारी चल रही है। यहां से प्रतिदिन 35 से 40 हजार यात्री विभिन्न ट्रेनों में सफर करते हैं।
स्टेशन पर 44 अप-डाउन शटल गाडियां और 40 से अधिक एक्सप्रेस व सुपरफास्ट गाडिय़ों का ठहराव होता है। यात्रियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए एक से चार नंबर प्लेटफार्म तक 5 वाटरकूलर और 10 नल लगाए गए हैं।
लेकिन रविवार को इन नलों में यात्रियों को पानी नसीब नहीं हुआ। कारण चाहे जो भी लेकिन दिनभर यात्री पानी के लिए भटकते रहे। स्टेशन पर रहने वाले वेंडरों और एक स्वयंसेवी संस्था के पदाधिकारियों ने उनकी प्यास बुझाई।
लोगों का कहना है कि यह क्लास वन स्टेशन का ये हाल है तो अन्य स्टेशनों पर पानी कैसे मिलेगा। उधर रेलवे के इंस्पेक्टर ऑफ वक्र्स एसके अग्रवाल का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली। यदि ऐसा है तो जांच करा लेते हैं।