सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा से 09 महीने पहले दुष्कर्म करने का मामला मंगलवार देर शाम सामने आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दुष्कर्म की शिकार पीड़िता को प्रसव पीड़ा होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। छात्रा ने सेक्टर-44 के एक निजी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से छपरा (बिहार) की 16 वर्षीय किशोरी गुरुग्राम के सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहती है। वह 10वीं कक्षा (ओपन) की छात्रा है। उसका आरोप है कि उनके पड़ोस में उत्तर प्रदेश के गोंडा का राजन तिवारी भी रहता था।
नवंबर 2017 में राजन ने उसको घर में अकेले पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। करीब पांच महीने पहले आरोपी उनके पड़ोस से मकान खाली करके चला गया।