उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचले लड़कों ने 10वीं कक्षा की छात्रा पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। यही नहीं छात्रा के सिर पर भारी वस्तु से वार किया गया। छात्रा के अचेत होने पर आरोपी उसे अगवा कर ज्योति नगर के सुनसान इलाके में ले गए। वहां भी आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई की।
खून से लथपथ 14 वर्षीय छात्रा को होश आया तो उसने एक महिला की मदद से पिता को खबर दी। महिला ने उसे पास की मीत नगर पुलिस चौकी पर छोड़ दिया। वहां से छात्रा को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया। छात्रा का बयान लेकर पुलिस ने अगवा कर छेड़छाड़, पॉक्सो, धारदार हथियार से हमला, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार को छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। छात्रा के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बेटी की तबीयत खराब होने के बाद भी उसे जख्मी हालत में इधर-उधर घुमाया गया। पुलिस मामले की जांच कराने की बात कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 14 वर्षीय 10वीं कक्षा की छात्रा परिवार के साथ मुस्तफाबाद इलाके में रहती है। बुधवार दोपहर वह स्कूल से पेपर देकर निकली। उसका भाई जब तक उसे स्कूल लेने नहीं पहुंच पाया था। पीड़िता पैदल घर की ओर चल दी।