पुरुष हैंडबॉल टीम ने बरकरार रखा स्वर्ण पदक, महिला बास्केटबॉल को रजत मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने तीसरे अखिल भारतीय पुलिस खेल में चार पदक हासिल किए हैं। इसमें पुरुष हैंडबॉल टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर अपना खिताब बरकरार रखा। महिला बास्केटबॉल टीम ने रजत और पुरुष व महिला हैंडबॉल टीमों ने कांस्य पदक जीते।
पुरुष हैंडबॉल टीम ने फाइनल में पंजाब पुलिस को 26-25 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। टीम ने 2025 में भी यह खिताब अपने नाम किया था। पुरुष बास्केटबॉल टीम ने राजस्थान पुलिस को 53-45 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। महिला बास्केटबॉल टीम को फाइनल में उत्तर प्रदेश पुलिस से हारने के बाद रजत पदक मिला। महिला हैंडबॉल टीम ने सेमीफाइनल में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) से हारने के बाद कांस्य पदक जीता। महिला बास्केटबॉल और हैंडबॉल टीमों ने पहली बार इन खेलों में पदक जीते हैं।
सीआईएसएफ के निरीक्षक फिरोज अहमद खान और हेड कांस्टेबल पीयूष सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 10 से 14 जून तक बांग्लादेश के ढाका में आयोजित आईएचएफ ट्रॉफी में भारतीय हैंडबॉल टीम के लिए खेला। भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने पदक जीतने वाली टीमों और कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की।