सीआईएसएफ ने लौटाया यात्री का पैसों से भरा बैग
- फोटो : Amar Ujala
एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने ईमानदारी का मिसाल कायम करते हुए एक यात्री को उसका बैग लौटाया। बैग में 2.20 लाख कीमत की विदेशी करेंसी थी। बैग मिलने के बाद यात्री ने सीआईएसएफ कर्मियों की जमकर तारीफ की।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि 21 नवंबर की शाम एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ के जवानों ने एक्सरे मशीन पर एक लावारिस बैग देखा। विस्फोटक की आशंका को देखते हुए बम निरोधक दस्ता को जानकारी दे दी गई।
दस्ते की जांच में विस्फोटक जैसी कोई चीज नहीं मिली। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 11 हजार 7 सौ साऊदी रियाल मिला। जिसकी कीमत 2.20 लाख रुपये हैं। बैग को स्टेशन कंट्रोलर के हवाले कर दिया गया।
करीब आधे घंटे के बाद करावल नगर निवासी मनीष नेगी स्टेशन पहुंचा और बताया कि जल्दबाजी में उसका बैग एक्सरे मशीन पर छूट गया था। सीआईएसएफ कर्मियों ने एक्सरे मशीन के पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने के बाद मनीष को कंट्रोलर के कार्यालय में ले जाया गया और सत्यापन कर उसे बैग सौंप दिया गया।