दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में एक महिला के साथ चलती कार में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
आरोप है कि बुलंदशहर निवासी महिला को परी चौक से सेक्टर 144 तक लिफ्ट देने के बहाने से एक युवक ने उसके साथ कार में ही दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला की सहेली का परिचित था।
महिला उसे पहले से ही जानती थी इसलिए उसकी कार में बैठ गई, लेकिन पीड़िता को उसके इरादों का अंदेशा नहीं था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला बुलंदशहर स्थित मायके से लौट रही थी तभी उसके साथ ये घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला को गुरुवार रात 10:00 बजे परी चौक के पास से कार में बैठाया था और सुबह 4:00 बजे परी चौक के पास ही छोड़कर फरार हो गया। मालूम हो कि महिला के पति की बहुत पहले ही मृत्यु हो चुकी है।