साइबर सिटी में क्रिसमस को लेकर तैयारियों का सिलसिला जोर पकड़ने लगा है। यहां के मॉल्स से लेकर बाजारों तक में जिंगल वेल की धुन सुनाई देने लगी है। बात चाहे एमजी रोड के मॉल्स की हो या सोहना रोड स्थित शॉपिंग कांप्लेक्स की हर तरफ रौनक ही रौनक है।
पूरे परिसर को क्रिसमस थीम पर शानदार ढंग से सजाया गया है। कुछ दिन पहले तक लग रहा था कि नोटबंदी के असर से क्रिसमस का मजा फीका रहेगा। मगर ऐसा नहीं है। बाजारों से लेकर घरों तक में इसकी रौनक बिखरने लगी है। हर कोई तैयारियों में व्यस्त हो गया है खासकर बच्चों में इसे लेकर भारी उत्साह है।
शहर के स्कूलों में भी इसे धूमधाम से मनाने की तैयारियां चल रही हैं। गुरुग्राम के सदर बाजार में भी क्रिसमस से जुड़े आइटमों की बिक्री होने लगी है। सेंटा क्लाज के ड्रेस की डिमांड काफी बढ़ गई है।
कारोबारी राजीव अग्रवाल ने बताया कि सेंटा का ड्रेस बाजार में 240 से 550 रुपये की कीमत में है। इन्हें खरीदने वाले आने लगे हैं। खासकर स्कूलों की ओर से इसकी अधिक डिमांड आ रही है। किराए पर भी इसे लेेने के लिए एडवांस जमा कर दिया गया है।
एमजीएफ मेट्रोपॉलिटन, एंबियंस, सहारा, डीटी मेगा व ओमेक्स मॉल की आर्चीज गैलरी में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर तरफ गिफ्टों की भरपूर बिक्री हो रही है। टेडी वियर, मग, क्रिसमस कार्ड, चाबी का छल्ला, चॉकलेट, क्रिसमस ट्री सहित अन्य आइटम लोग खरीद रहे हैं।
सदर बाजार स्थित गिफ्ट गैलरी हार्ट बीट के संचालक कमल ने बताया कि नोटबंदी के बाद गैलरियों में उत्साह नहीं दिख रहा था। मगर अब लगता है कि लोग क्रिसमस को भरपूर सेलीब्रेट करने वाले हैं।