500 और 1000 रुपये की नोटबंदी के एक महीना गुजर जाने के बाद अब एटीएम व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद है। 100 और 2000 के नए नोट के मुताबिक कैसेट ट्रे बदलने और उसे कैलीब्रेट करने का काम पूरा हो गया है।
सभी एटीएम के सॉफ्टवेयर भी अपडेट कर दिया गया है। जिले के 1304 एटीएम के ट्रे बदलने और उसे कैलीब्रेट करने पर बैंकों का 10.28 करोड़ से अधिक खर्च हुए है। जिन एटीएम को नए ट्रे के मुताबिक नहीं बदला जा सका था, उसकी जगह बैंकों द्वारा नए एटीएम ही बैठा दी गई है। इसमें भारतीय स्टेट बैंक के 26 एटीएम शामिल है।
नोटबंदी के बाद से जिले की एटीएम व्यवस्था बदहाल है। जिले के 44 बैंकों के 85-95 फीसदी एटीएम में नकदी की कमी बनी हुई है। करीब 35-50 फीसदी एटीएम में केवल 100 के नोट डाले जा रहे थे।
अधिकतम 2000 रुपये की निकासी की वजह से कुछ ही लोगों को यह नोट मिल रहा था। अब एक महीने के बाद जिले के सभी एटीएम को नए नोट के तहत कैलीब्रेट कर दिया गया है। शुक्रवार से कुछ बैंकों में नकदी डालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिससे लोगों को राहत मिली है।
ओबीसी बैंक के अधिकारी ने बताया कि हर एटीएम में तीन ट्रे बदली गई है। इसमें 100, 500 के साथ 1000 की जगह 2000 रुपये के नोट लगाए है। साइबर सिटी के एटीएम में डाइबोल्ड कैसेट एसेसरीज और एनसीआर कैसेट एसेसरीज दोनों शामिल है।
जिस पर प्रति ट्रे औसत खर्च करीब 26300 रुपये का आया है। एक एटीएम के तीनों ट्रे खर्च करने पर करीब 78900 रुपये खर्च हुए है। इस हिसाब से गुरुग्राम के 1304 एटीएम के ट्रे बदलकर नए सिरे से कैलीब्रेट करने पर 10,28,85,600 रुपये खर्च हुए है।
क्यों बदला गया कैसेट ट्रे
बैंक अधिकारियों के अनुसार हर एटीएम में रखे जाने वाले नोट की साइज के अनुसार कैसेट ट्रे लगती है। पहले एटीएम में 100, 500 और 1000 रुपये की नोट के साइज के अनुसार होता है। इस कैसेट ट्रे में रखे गए नोट और निकाले जाने वाली राशि के अनुसार कैलकुलेशन को एटीएम के सेंसर से जोड़ा जाता है।
सेंसर डाली गई रकम के अनुसार ही संबंधित ट्रे से नोट उठाता है। इस कैलकुलेशन और नोट एलीवेशन की निगरानी के लिए एटीएम स्विच रूम यानी मेन सर्वर रूम से जुड़े होते हैं। इस स्विच रूम से एटीएम को सेटेलाइट के जरिए मैसेजिंग की जाती है। सेंसर के कारण डिस्पेंसिंग मशीन का एलीवेटर उसी ट्रे से नोट उठाता है, जितनी वैल्यू की फीडिंग की गई है। ऐसे में कैसेट ट्रे बदलना जरूरी था।
आरसी नायक, लीड बैंक मैनेजर: सभी बैंकों के रिपोर्ट के मुताबिक एटीएम को नए नोट के मुताबिक कैलीब्रेट कर दिया गया है। अब 500 और 2000 के नए नोट डाले और निकाले जा सकेंगे। इसके शुरू होने से अब लोगों को राहत मिलेगी।