आजादी का जश्न मनाने के दौरान चाइनीज मांझे ने राजधानी में साढ़े चार साल की मासूम सहित दो लोगों की जान ले ली। वहीं दिल्ली पुलिस के एसआई समेत चार लोग मांझे में उलझकर बुरी तरह से जख्मी हो गए।
विज्ञापन
हादसा नंबर-1: रानीबाग में मासूम की गर्दन काटी
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रानीबाग इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना में चाइनीज मांझे से साढ़े चार साल की मासूम की गर्दन कट गई। पुलिस के मुताबिक, सांची गोयल अपने परिवार के साथ दीपाली एन्क्लेव रानीबाग इलाके में रहती थी।
इसके परिवार में पिता आलोक गोयल व मां नेहा गोयल है। आलोक का रोहिणी इलाके में लकड़ी का कारोबार है। सांची परिवार की इकलौती संतान थी। इसी साल उसका नर्सरी कक्षा में बाल भारती स्कूल में नर्सरी कक्षा में दाखिला करवाया था।
विज्ञापन
Trending Videos
मांझे में उलझकर युवक की गर्दन कटी, गिरने से हुई मौत
मृतक जफर
- फोटो : अमर उजाला
हादसा नंबर-2
निहाल विहार निवासी जफर (22) सोमवार को छुट्टी होने की वजह से द्वारका अपनी बहन से मिलने गया था। वहां से बाइक पर वापस लौटते समय जैसे ही वह विकासपुरी एलिवेटेड रोड पर पहुंचा, अचानक उसकी गर्दन में मांझा फंस गया।
इससे पहले कि वह संभल पाता उसकी गर्दन पर कट लग गया। फौरन जफर सड़क पर गिर गया और उसका सिर भी डिवाइडर से टकरा गया। परिजनों का आरोप है कि जफर सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन किसी राहगीर ने उसकी सुध नहीं ली।
किसी ने पुलिस को सूचना दी। पीसीआर की गाड़ी उसे डीडीयू अस्पताल ले आई लेकिन इलाज के दौरान कुछ ही देर में जफर ने दम तोड़ दिया। इधर, मौके पर विकासपुरी थाना पुलिस पहुंची।
मामला मियांवली नगर का बताकर पुलिसकर्मी वहां से चलता बना। परिजनों का आरोप है कि विकासपुरी और मियांवली नगर थाने में कई घंटे सीमा विवाद चला। बाद में मियांवली थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की। पुलिस के मुताबिक जफर प्राइवेट नौकरी करता था।
आनंद विहार में एसआई की कटी गर्दन
मनोज
- फोटो : अमर उजाला
हादसा नंबर-3
आनंद विहार थाने में तैनात एसआई मनोज कुमार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने इलाके में बुलेट बाइक पर पेट्रोलिंग कर रहा था। शाम करीब पांच बजे क्रॉस रीवर मॉल के पास अचानक उसे हेलमेट पर किसी चीज की सरसराहट सुनाई दी।
इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, उसकी गर्दन से खून बहने लगा। फौरन मनोज ने अपनी बाइक रोक दी। साथी पुलिसकर्मी की मदद से वह नजदीकी अस्पताल पहुंचा, जहां पर उसकी सर्जरी की गई।
हादसा नंबर-4 : पुराने किले के पास युवक की हथेली की नसें कटी
पुराना किला, भैरों मंदिर के पास सोमवार शाम संजीव वर्मा (44) बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस बीच उन्हें लगा कि उनके हेलमेट के सामने कुछ आया है। फौरन मांझे का आभास होने के बाद संजीव ने हथेली से उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन मांझे ने फौरन उनकी हथेली के ऊपर कलाई की नसें काट दी।
संजीव के हाथ से तेजी से खून बहने लगा। नजदीक मौजूद पीसीआर की मदद से संजीव को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां फौरन उसका ऑपरेशन कर नसों को जोड़ा गया। फिलहाल संजीव अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
हादसा नंबर-5 : गाजीपुर में बाइक सवार की गर्दन कटी, हालत गंभीर
पांडव नगर निवासी विनोद भारद्वाज (49) बाइक से गाजियाबाद से अपने घर लौट रहे थे। इस बीच जैसे ही वह गाजीपुर एनएच-24 पर पहुंचे। अचानक सड़क पर मांझा उनके हेलमेट में उलझकर गर्दन तक पहुंच गया।
इससे पहले ही विनोद कुछ समझ पाते, मांझे ने अपना काम कर दिया। विनोद फौरन सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। राहगीरों ने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। एक राहगीर पीड़ित को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल ले गया, जहां विनोद की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा नंबर-6 : चाइनीज मांझे में उतरा करंट, किशोर झुलसा
बिंदापुर के भगवती विहार निवासी रोहित (14) को पतंग उड़ाने के दौरान तेज करंट लग गया। परिजनों के मुताबिक, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला रोहित सोमवार दिन में अपनी छत से चाइनीज पतंग उड़ा रहा था।
इनके घर के पास से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं, जैसे ही उसकी पतंग का मांझा हाईटेंशन वायर पर लगा, एक तेज धमका हुआ। रोहित हादसे में बुरी तरह झुलस गया। 80 फीसदी झुलसी हुई हालत में उसे डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।