त्योहार के मौसम में पाकिस्तान का साथ देने पर बेशक चीनी माल का आम लोगों से लेकर मार्केट एसोसिएशन बहिष्कार कर रही हों, लेकिन चाइनीज माल पर मेड इन इंडिया का लेबल से बाजारों में सामान बिक रहा है।
क्योंकि चीन का सामान महीनों पहले हिंदोस्तान पहुंच चुका है, ऐसे में नुकसान से बचने के लिए मेड इन चाइना की बजाय मेड इन इंडिया को लेबल लगाकर भरपाई की जा रही है।
अमर उजाला ने आज राजधानी के कई थोक व फुटकर बाजारों का मुआयना किया तो यह सामने आया। हालांकि दिल्ली के बाजारों में चीनी बहिष्कार के चलते बिक्री में करीब तीस फीसदी की गिरावट दर्ज की जा रही है।
भारत की सबसे बड़ी इलेक्ट्रानिक भागीरथ मार्केट के प्रेजीडेंट अजय शर्मा कहते हैं कि सामान तो तीन से चार महीने पहले ही भारत आ चुका था। ऐसे में अब बहिष्कार करना मुश्किल है। क्योंकि व्यापारियों का करोड़ों रुपये का माल गोदाम में है।
हालांकि ग्राहक जागरूक है, जिसके चलते करीब तीस फीसदी तक बिक्री में गिरावट दर्ज की जा रही है। दुकानों में तो ग्राहक को साफ बता दिया जाता है कि सामान चाइनीज है। हालांकि रेहड़ी-पटरी पर बिकने वाले सामान को भारतीय बताकर बेचा जा रहा है।
दिल्ली समेत एनसीआर में पटाखों की सबसे बड़ी मार्केट बाजार पाएवालाल में चीनी पटाखों के बेचने के बहिष्कार का सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। दुकानों से लेकर रेहड़ी-पटरी पर चीनी पटाखें बिकते थे।
हालांकि इस बार मार्केट में चारों और चीनी पटाखे नहीं बेचे जा रहे हैं, के पोस्टर लगाकर ग्राहकों को जानकारी दी जा रही है। मेजिस्टक फायर वक्र्स के दयाल ने बताया कि भारत में तैयार पटाखे ही बिक रहे हैं।
वहीं, रेहड़ी-पटरी पर पटाखे बेच रहे आदिल ने बताया कि चीनी पटाखे लोग नहीं खरीदना चाहते, लेकिन अब चीनी पटाखों का लेवल मेड इन इंडिया हो गया है। बच्चों के अधिकतर कार्टून करेक्टर वाले पटाखे चीनी होते थे, वही पटाखे इस बार मेड इन इंडिया लेबल के साथ बिक रहे हैं। मार्केट में पटाखे बेशक भारतीय हैं लेकिन उनकी पैकेजिंग में चीनी पोस्टर ही सबसे अधिक हैं।