दिल्ली के आदर्श नगर में पतंग उड़ाने के दौरान चौथी मंजिल से गिरकर साहिल (9) की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, साहिल परिवार के साथ आदर्श नगर ए-ब्लॉक में रहता था। पिता एक बिल्डिंग में चौकीदार है।
साहिल के परिवार में मां ममता व दो बहनें हैं। बृहस्पतिवार को साहिल का जन्मदिन भी था। शाम के समय वह दोस्तों के साथ निर्माणाधीन मकान की छत पर पतंग उड़ाने गया था जहां से वह नीचे गिर गया।
संदिग्ध हालात में पुलिसकर्मी की मौत
दिल्ली के अशोक नगर में बुधवार शाम संदिग्ध हालात में ट्रेन की चपेट में आने से दिल्ली पुलिस के हवलदार सुदेशपाल (55) की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से गांव लूम्ब, पीएस रमाला, जिला बागपत निवासी सुदेश पाल परिवार के साथ बृजपुरी में रहता था।
सुदेश के परिवार में दो बेटे कपिल व अमित हैं। अमित सेना में है। सुदेश पुरानी पुलिस लाइन में तैनात था। बुधवार शाम को ड्यूटी से घर लौटते समय अशोक नगर रेलवे लाइन के पास उसका शव बरामद हुआ। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक की पीट-पीटकर हत्या
दिल्ली के नजफगढ़ में कमलेश (30) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पड़ोसी कुछ लोगों पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पड़ोसी दो लोगों गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कमलेश नजफगढ़ के राणाजी एंक्लेव में रहता था। आरोप है कि बुधवार को जितेंद्र और प्रमोद ने उस पर हमला कर दिया था। बताया जा रहा है कि कमलेश पर कुछ रुपेये चुराने का आरोप था।