-अस्पताल की सुरक्षा शाखा के अधिकरी के अनुसार-मीडिया रिपोर्ट के आधार पर दी गई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली।
गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल परिसर से डेढ़ महीने के बच्चे के गायब होने के मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट की है। अस्पताल की सुरक्षा शाखा की ओर से जारी घटना रिपोर्ट में कहा गया कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे की मां उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर आई थी। वह फार्मेसी क्षेत्र में बैठी थी, तभी बुर्का पहनी एक महिला उसके पास आकर बैठ गई। आरोप है कि मां के पानी लेने जाने के दौरान वह महिला बच्चे को लेकर वहां से चली गई।
अस्पताल प्रशासन ने रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही और घटना से संबंधित आगे की जानकारी पुलिस से प्राप्त की जाएगी। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिया है कि जांच में जरूरत पड़ने पर अस्पताल की ओर से हर संभव सहायता और सहयोग प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल की सुरक्षा शाखा के अधिकारी डॉ. शरद वर्मा ने बताया कि अखबार की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे की मां के पास आई महिला ने खुद को नंद नगरी का निवासी बताया था। इसके बाद बच्चे की मां ने उसे अपना बच्चा सौंपा और पानी लेने चली गई। वापस लौटने पर महिला बच्चे के साथ वहां नहीं मिली। अस्पताल प्रशासन ने अपने रुख में कहा कि मामले से संबंधित तथ्यों की जांच पुलिस कर रही है। जरूरत पड़ने पर पुलिस को अस्पताल की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। सुरक्षा शाखा के अधिकारी डॉ. शरद वर्मा की ओर से जारी रिपोर्ट में पुलिस जांच के आधार पर आगे की जानकारी मिलने की बात कही गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट में बच्चे की बरामदगी या संदिग्ध महिला की पहचान को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।