दिल्ली में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। 8 फरवरी को मतदान होना है। राजनीतिक दल तो अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे ही हुए हैं लेकिन दिल्ली चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी के मद्देनजर दिल्ली चुनाव आयोग ने कहा है कि हालात पूरी तरह से माकूल हैं।
अगले महीने होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकरदिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी रनबीर सिंह ने कहा है कि ऐसा कोई कारण नहीं है जिसकी वजह से यह माना जाए कि दिल्ली में स्थिति ऐसी है कि चुनाव न कराए जा सकें। शांति और व्यवस्था बनाए रखने के पुलिस सभी इंतजाम करेगी।
11 विधानसभाओं में होगी क्यूआर कोड सुविधा
दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में 11 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता अपने मतदान केन्द्रों में स्मार्ट फोन ले जा सकेंगे ताकि अगर वे किसी भी कारण से मतदान पर्ची नहीं ला सके हों तो वे वोटर हेल्पलाइन से क्यूआर कोड स्कैन कर सकें।
अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दिल्ली में 70 विधानसभाएं हैं और सभी 11 जिलों में एक विधानसभा क्षेत्र में यह तकनीकी सुविधा मौजूद रहेगी।
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी रनबीर सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इन 11 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में जो मतदाता मतदाता पर्ची नहीं लाए होंगे लेकिन उनके पास फोन है तो वे वोटर हेल्पलाइन से क्यूआर कोड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें मतदान कक्ष में भेजने से पहले उसे स्कैन किया जा सकता है।’
11 जिलों में 20 मतगणना केंद्र
चुनाव आयोग ने दिल्ली के 11 जिलों में 20 मतगणना केंद्र बनाए हैं। उत्तरी जिला और उत्तर पश्चिमी जिले में चार-चार, दक्षिणी पश्चिम, दक्षिणी और उत्तर पूर्वी जिले में दो-दो, दक्षिणी पूर्वी, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी, मध्य और शाहदरा जिले में एक-एक मतगणना केंद्र बनाया है।
टॉप गियर में राजनीतिक दल
मतदान की तारीख घोषित होते ही दिल्ली के तीनों राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी गाड़ी टॉप गियर में डाल दी है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेजी पकड़ रहा है। आने वाले दिनों में इसमें और तेजी आएगी।