मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव आयुक्त के साथ शुक्रवार को दिल्ली में एकीकृत चुनाव परिसर का उद्घाटन किया। यहां ईवीएम और वीवीपीएटी का भंडारण और प्रबंधन होगा।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने शुक्रवार को दिल्ली में ईवीएम व वीवीपैट के भंडारण के लिए कई सुविधाओं वाले एक केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र में ईवीएम और वीवीपैट के भंडारण के लिए विशेष रूप से बनाए गए 36 वॉल्ट भी हैं। आधुनिक सुविधाओं वाला यह केंद्र बख्तावरपुर में बनाया गया है।
विज्ञापन
निर्वाचन आयोग के अनुसार यह तीन मंजिला परिसर 12,865 वर्ग मीटर में है और इसमें आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार ईवीएम की प्रथम स्तर की जांच और वीवीपैट की व्यापक सुविधाएं हैं। एफएलसी सभागारों का इस्तेमाल बड़ी बैठकों और प्रशिक्षण सत्रों के लिए भी किया जा सकता है। यह परिसर कई सुविधाओं वाला आधुनिक केंद्र है, जिसका मकसद ईवीएम और वीवीपैट के भंडारण और प्रबंधन का आधुनिकीकरण करना है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार यह आधुनिक केंद्र है नई प्रौद्योगिकीय, वास्तुकला, पारिस्थितिकीय, सुंदर व सुगम्य विशेषताओं से लैस है। यह भूकंप रोधी इमारत है जिसमें ऊर्जा के उचित इस्तेमाल, प्राकृतिक रोशनी का इस्तेमाल और वर्षा जल संचय जैसी विशेषताएं हैं। दिल्ली के सीईओ कार्यालय के अनुसार यह परिसर दिल्ली टूरिज्म एंड ट्रांसपोर्टेशन डेवलेपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीटीटीडीसी) के साथ मिलकर बनाया गया है। यह परिसर एक हरित इमारत है।