लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में दिल्ली बार्डर पर निर्माणाधीन मेट्रो प्रोजेक्ट पर कार्यरत कर्मचारियों की लापरवाही से एक युवक की जान चली गई। मेट्रो प्रोजेक्ट से खतरनाक केमिकल नीचे स्कूटी से गुजर रहे जौहरीपुर दिल्ली निवासी युवक और उसके दोस्त के ऊपर गिर गया। दोनों बुरी तरह झुलस गए।
हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके दोस्त की हालत गंभीर है। उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि, परिजनों की ओर से फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जौहरीपुर की जगदंबा कॉलोनी निवासी अमित (35) कॉलोनी में ही मेडिकल स्टोर चलाते थे। बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह दिल्ली बार्डर से पानी की 25 लीटर की केन स्कूटी पर लेकर घर जौहरीपुर जा रहे थे। अमित का दोस्त व पड़ोसी राहुल पानी की केन लेकर पीछे बैठा था। बताया जा रहा है कि जौहरीपुर मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन मेट्रो प्रोजेक्ट पर ऊपर काम कर रहे मजदूर के हाथों से केमिकल नीचे गिर गया।
खतरनाक केमिकल अमित और राहुल के ऊपर गिरा, दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को स्थानीय लोगों ने जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां अमित की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक अमित परिवार में अकेले कमाने वाले थे। अमित के परिवार में पत्नी के अलावा एक 14 साल की बेटी और 10 साल का बेटा है। उनके पिता हार्ट पेशेंट हैं। एसएचओ लोनी बार्डर रोजंत त्यागी का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
इस मामले में दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता ने कहा कि, इस घटना का दिल्ली मेट्रो के निर्माण कार्य से कोई लेना-देना नहीं है। निर्माण कार्य में इस तरह के रसायन का इस्तेमाल नहीं होता है और हमारा प्रोजेक्ट यहां पूरा हो चुका है।