मेवात में बोर्ड की परीक्षाओं को नकल रहित बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने बीते दिन जोरशोर से दावा किया था कि परीक्षाओं में किसी भी सूरत में नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही प्रशासन ने कहा था कि धारा 144 का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेकिन मेवात में चल रही बोर्ड की परीक्षाआें में प्रशासन का दावा एक दिन की सती के बाद फिर से तार-तार होता दिखाई दे रहा है। परीक्षा केन्द्रों पर लगी धारा 144 के लागू होने के बावजूद भी नकलचियों का भारी जमावड़ा परीक्षा केन्द्रों के बाहर व आस-पास निरंतर लगा हुआ है।
जिससे साबित हो रहा है कि मेवात प्रशासन बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित बनाने का केवल नाम मात्र ही दम भर रहा है। गौरतलब है कि इस समय मेवात में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं तथा 12वीं की परीक्षाएं कराई जा रही हैं।
इन्हें नकल रहित बनाने के लिए प्रशासन के ऊपर पूरा दबाव है। लेकिन मेवात में हो रही परीक्षाओं को नकल रहित बनाने का दम भरने वाला जिला प्रशासन नकलचियों के सामने बोना साबित हो रहा है।
परीक्षा केन्द्रों के आस-पास धारा 144 के लागू होने के बावजूद भी नकलची अपने परीक्षार्थियों की नकल कराने से बाज नहीं आ रहें हैं। जिससे प्रशासन के परीक्षाओं को नकल रहित बनाने की दावे की मेवात में हवा निकल रही है।
हालांकि नकल रोकने में लगी हुई टीमें भी लगातार परीक्षार्थियों तथा नकलचियों के विरुद्ध कार्रवाई करने में लगी हुई है लेकिन इसके बावजूद भी नकलचियों के हौंसले बजाए पस्त होने के और अधिक बढ़ते जा रहें हैं।
शिक्षा की विभाग की अभी तक की कार्रवाई में मेवात में 50 के करीब छात्रों तथा नकलचियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। बता दें कि बीते दिन जिले के उपायुक्त एवं एसपी ने संबंधित थाना क्षेत्रों के अधिकारियों तथा प्रभारियों को निर्देश दिया था कि परीक्षा केन्द्रों के आस-पास धारा 144 का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ अपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए।
साथ ही परीक्षाओं को पूरी तरह नकल रहित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा पूरा प्रयास किया जाए। लेकिन इसके बाद भी मेवात में चल रही परीक्षाओं में इस समय जमकर नकल चल रही है। जिसे रोक पाना प्रशासन के लिए मुसीबत बना हुआ है।