एनडीएमसी के इलाके के लोगों को अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। वह घर बैठे ही अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करा सकेंगे। एनडीएमसी अपने प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की सुविधा ऑनलाइन कर रही है।
एनडीएमसी ने लोगों की सुविधा के लिए हाल ही में प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की व्यवस्था ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है, जबकि नगर निगम में वर्ष 2007 में ही प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन जमा होने लगे थे।
एनडीएमसी के प्रॉपर्टी टैक्स विभाग के एक अधिकारी के अनुसार अगले वर्ष यह सुविधा मिलने लगेगी। इसके अलावा उनको टैक्स जमा कराने के बारे में ई मेल के माध्यम से सूचना दी जाएगी। इलाके में 20 हजार लोग टैक्स जमा कराते हैं और उनसे उसे करीब तीन सौ करोड़ रुपये टैक्स मिलता है।
दूसरी ओर एनडीएमसी ने अपने प्रॉपर्टी टैक्स विभाग को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम के सेवानिवृत्त अधिकारी को कंसलटेंट नियुक्त किया है। इसके अलावा विभाग की कमान उस अधिकारी को सौंपी जो यहां प्रतिनियुक्ति पर आने से पहले दक्षिण दिल्ली नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स विभाग के प्रमुख थे।