आगरा में जेल में बंद सट्टा किंग श्याम बोहरा के रैकेट में शामिल 67 सटोरियों के नाम तो पुलिस ने खोल दिए लेकिन इनके खिलाफ सुबूत जुटाने में देरी की जा रही है। दो महीने में श्याम बोहरा को छोड़ किसी और के खिलाफ साक्ष्य नहीं जुटाए जा सके हैं। नतीजा यह है कि श्याम बोहरा के खिलाफ ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
अन्य 66 सटोरियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाने के लिए श्याम बोहरा का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। इसी के बाद तय होगा कि मोबाइल में मिली वाइस रिकार्डिंग में किसी तरह की छेड़छाड़ की गई या नहीं।
इस दौरान केस डायरी का एक पन्ना वायरल हो जाने पर पुलिस की फजीहत हो चुकी है। इस कारण भी पुलिस फूंक फूंककर कदम रख रही है। सीओ छत्ता रितेश कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही रिपोर्ट मिल जाएगी।
इसके बाद जांच और तेज की जाएगी। छत्ता थाना के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि सुबूत जुटा लिए गए हैं। पहली चार्जशीट में सिर्फ श्याम बोहरा का नाम होगा। अन्य लोगों के खिलाफ चार्जशीट बाद में दाखिल की जाएगी।