दिल्ली के तुगलक रोड स्थित 12 नंबर कोठी को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर स्मारक बनाने की मांग के समर्थन में उत्तराखंड के नेता भी मैदान में उतर आए। उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने शनिवार को 12 तुगलक रोड पर राष्ट्रीय स्मारक बनाने की मांग को लेकर उपवास रख सत्याग्रह किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि ‘देश में बढ़ती बेईमानों की संख्या को ईमानदारी का संदेश व महत्व दिए जाने के लिए इस स्मारक का बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है। जब कांशीराम, बाबा साहब अंबेडकर से लेकर बाबू जगजीवन राम तक के स्मारक बन सकते हैं तो चौधरी चरण सिंह का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा की ओर से अपमान किया जाना और उनका स्मारक नहीं बनाया जाना अक्षम्य है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के जनविरोधी व किसान विरोधी फैसले का जन-जन को विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा चौधरी चरण सिंह किसी दल विशेष की धरोहर नहीं हैं, वे राष्ट्र की धरोहर हैं व उत्तराखंड के एक करोड़ लोग अपनी ईमानदारी व बहादुरी के लिए जाने जाते हैं अब चौधरी चरण सिंह के स्मारक की लड़ाई में हम अपने अन्य साथियों को कैसे अकेले छोड़ सकते हैं।
सत्याग्रह में उनके अलावा जीतेंद्र गौड़, नीतिन त्यागी, सुनील चौहान, मनमोहन शाह समेत अनेक लोग शामिल हुए। उन्होंने बताया कि वे रविवार को लोहिया जयंती के अवसर पर मेरठ जाएंगे और वहां आयोजित सर्वदलीय रैली में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक दल के महासचिव युद्धवीर सिंह उनके साथ तीन दिन पहले देहरादून में मुख्यमंत्री हरीश रावत से मिले थे। उन्हें भी इस रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के साथ आमंत्रित किया।