नए एस्कलेटर, दीवारों पर खूबसूरत पेंटिंग और एलईडी की हर तरफ चमक। मेट्रो यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने रेड लाइन के 21 स्टेशनों को नई शक्ल दी गई है। दिलशाद गार्डन से रिठाला के बीच ओवरहेड तारों पर पक्षियों को बैठने से रोकने के लिए बर्ड स्पाइक भी लगाए गए हैं।
फेज-3 की दूसरी मेट्रो लाइन की तर्ज पर रेड लाइन पर भी बुनियादी ढांचों के नवीनीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही स्टेशनों का सौंदर्य बढ़ाने के लिए आकर्षक लाइटिंग, फर्श सहित सभी जरूरी बदलाव किए गए हैं। डीएमआरसी ने दिल्ली मेट्रो की पहली लाइन (रेड लाइन) के मेट्रो स्टेशनों के बाहरी हिस्से को नई शक्ल देने के साथ ही परिसर में फर्श पर ग्रेनाइट लगाया है।
प्लेटफार्म की खूबसूरती बढ़ाने के लिए स्टेशनों पर रेट्रोप्लेटिंग (रासायनिक पॉलिशिंग) की गई है। ड्रेनेज, फुटपाथ में सुधार, फायर डोर, साइनेज, शौचालय ब्लॉक और पार्किंग में भी बदलाव किया गया है ताकि यात्रियों को सहूलियत हो। पुराने एस्कलेटर की मरम्मत के अलावा कुछ जगहों पर नए एस्कलेटर भी लगाए गए हैं। मौजूदा अग्निशमन प्रणाली और सीसीटीवी कैमरे को भी अपग्रेड किया गया है।
पिछले महीनों के दौरान पक्षियों के कारण ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) में खराबी से बार- बार मेट्रो सेवाएं बाधित न हो इसके लिए बर्ड स्पाइक लगाए गए हैं। स्टेशनों पर शाम के वक्त एलईडी लाइट से मेट्रो स्टेशनों का आकर्षण और बढ़ गया है। दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर सबसे पहले सेवाएं शुरू हुई थी। इसे देखते हुए स्टेशनों पर मरम्मत और नवीनीकरण किया गया। अब दूसरी लाइनों की तरह रेड लाइन पर भी यात्रियों को सुखद यात्रा का अनुभव होगा।