साइबर सिटी में चेन स्नेचरों का आतंक छाया हुआ है। सेक्टर-पांच थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवकों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन छीन ली। महिला की शिकायत पर सेक्टर पांच थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ स्नैचिंग का मामला दर्ज किया है।
श्रीराम कॉलोनी में रहने वाली सीमा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह बृहस्पतिवार दोपहर किसी काम से सेक्टर-4 गई थी। इस दौरान सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए बाइक सवार युवक उसके पास आए।
जब तक वह कुछ समझ पाती, तब तक एक युवक ने उसके गले से चेन झपट ली और फरार हो गए। सीमा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने बाइक सवार युवकाें का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह निकल चुके थे।