सेक्टर-37 के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेक्टर में बढ़ रही चेन और मोबाइल स्नेचिंग की वारदात पर रोक लगाने के लिए एसएचओ को ज्ञापन सौंपा।
आरडब्ल्यूए महासचिव आशा शर्मा ने बताया कि आए दिन वारदात को अंजाम दिया जाता है। लोगों ने तीन फरवरी को सेक्टर निवासी रोहित कत्याल के साथ हुई मोबाइल छीनने की घटना के बारे में बताया।
इतना ही नहीं बाइकर्स गिरोह ने बृहस्पतिवार को एक लड़की को अपना शिकार बनाया। वे उसका मोबाइल छीन कर भागने लगे।
घटनास्थल पर मौजूद तेजा सिंह और अतुल गोयल ने लुटेरों का पीछा किया और देवी सहाय मार्केट के पास लुटेरों से वे लोग भिड़ गए।
अतुल की बहादुरी के सामने बदमाशों की एक न चली और वे पल्सर मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। वारदात की सूचना 100 नंबर पर दी गई और पुलिस ने बाइक कब्जे कर आगे की कार्रवाई की।
आरडब्ल्यूए की मांग है कि वह लुटेरों को जल्द से जल्द पकड़े और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाए। प्रतिनिधिमंडल में आशा शर्मा, ज्ञानचंद भड़ाना, विजय कुमार, रमेश चंद शर्मा, सत्यपाल दुआ, पीसी शर्मा, जीएल सैनी और एसएन मिश्रा शामिल रहे।