पूर्वी दिल्ली स्थित त्रिलोकपुरी इलाके में मंगलवार को राजकीय सर्वोदय विद्यालय में सातवीं कक्षा के एक छात्र हर्ष के सिर पर पंखा गिर गया। बच्चे के सिर पर गंभीर चोट आई है।
आनन- फानन में विद्यार्थी को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद से स्कूल प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है।
हालांकि कुछ स्कूल शिक्षक दबी जबान से स्वीकार कर रहे हैं कि सही रखरखाव नहीं होने के कारण ही पंखा गिरा है। इस बाबत मयूर विहार थाने में लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार हर्ष के पिता प्लंबर का काम करते हैं और मां घरों में काम करती है। हादसे के बाद परिवार को बताया गया कि बच्चे के सिर पर पंखा गिरने से चोटें आई हैं। बुधवार सुबह बच्चे के सिर का ऑपरेशन भी किया गया। हालांकि अब भी उसकी हालत गंभीर है।