राजधानी दिल्ली में पुलिस की लाख मुस्तैदी के बाद भी चोरों का दुस्साहस कम नही हो रहा है। इसकी एक बानगी कश्मीरी गेट स्थित रंग महल गली, नॉवेल्टी सिनेमा के पास देखने को मिली। यहां आधा दर्जन से अधिक चोर गली में घुसे और सीसीटीवी के सामने पहले डांस किया।
इसके बाद बाद बेफिक्र होकर चार दुकानों के शटर उखाड़कर लाखों रुपये का माल उड़ा ले गए। बुधवार सुबह जब पीड़ित अपने दुकानों को खोलने पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कश्मीरी गेट थाना पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक कश्मीरी गेट इलाके में नॉवेल्टी सिनेमा के पीछे रंग महल गली है।
यहां पर मार्केट बनी हुई है। मंगलवार तड़के करीब 4.00 बजे आधा दर्जन से अधिक चोर पहुंचे। कुछ आरोपियों ने ठीक सीसीटीवी कैमरे के सामने खूब डांस किया। इसके बाद एक-एक कर चार दुकानों के शटर उखाड़ दिए।