अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि सीबीएसई का ऑन स्क्रीन मार्किंग पोर्टल 26 फरवरी 2026 को हैक कर लिया गया था। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि जिस यूआरएल cbse.onmarks.co.in का जिक्र सोशल मीडिया पोस्ट में किया गया है, वह केवल आंतरिक परीक्षण और समीक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाली टेस्टिंग साइट थी।
सीबीएसई के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए उपयोग किया जाने वाला पोर्टल अलग यूआरएल पर संचालित होता है। उसमें किसी प्रकार की सुरक्षा खामी या डेटा से समझौते की घटना सामने नहीं आई है। बोर्ड ने कहा कि टेस्टिंग साइट पर केवल सैंपल डेटा उपलब्ध था तथा वहां वास्तविक मूल्यांकन, अंक या विद्यार्थियों से जुड़ा कोई संवेदनशील डेटा मौजूद नहीं था।
बोर्ड ने कहा कि ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लागू किया गया है। सीबीएसई ने सभी छात्रों, अभिभावकों को आश्वस्त किया कि वास्तविक मूल्यांकन पोर्टल की सुरक्षा के लिए मजबूत तकनीकी उपाय और सुरक्षा मानक लागू किए गए हैं।