केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) ने कक्षा छठी से लेकर आठवीं तक के छात्रों को अब हस्तशिल्प के माध्यम से हुनरमंद बनाने की तैयारी की है। इस कड़ी में सीबीएसई ने शनिवार को हस्तशिल्प व कालीन सेक्टर कौशल परिषद(एचसीएसएससी) के साथ मिलकर छात्र पुस्तिका को लांच किया है। इसके माध्यम से छात्र कागज के टुकड़े व फैशन ज्वैलरी को बनाने की कला सीख सकेंगे।
सीबीएसई कक्षा छठी से लेकर आठवीं तक 12 घंटे का कौशल मॉड्यूल प्रदान करता है। सीबीएसई के चेयरमैन मनोज आहूजा ने कहा कि नई पुस्तिका बच्चों में भारतीय परंपरा को लेकर भी जागरूक करने का काम करेंगी जोकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2021 में भी इंगित है। उन्होंने कहा कि ऐसे माड्यूल से आशा है कि इससे छात्रों को स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
एचसीएसएससी के सीईओ कृ्ष्ण कुमार ने कहा कि प्रायोगिक गतिविधियों में केवल रिसाइकल पदार्थ को इस्तेमाल किया गया है। इससे छात्रों में पर्यावरण को लेकर बेहतर आदतें आएंगी। सीबीएसई के कौशल शिक्षा व प्रशिक्षण विभाग के निदेशक डॉ. बिस्वाजीत साहा ने कहा कि 700 से अधिक स्कूलों ने इस मॉड्यूल को अपना लिया है। सीबीएसई शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन करेगा।