सीबीएसई की दसवीं की परीक्षाएं मार्च में समाप्त हो गई थी। इसके साथ-साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरु हो गया था। बताया जा रहा है कि दसवीं की मूल्यांकन प्रक्रिया बिल्कुल अंतिम चरण में है। वहीं बारहवीं की परीक्षाएं पांच अप्रैल को समाप्त हुई है। परीक्षा समाप्त होने के अंतिम दिनों में जिन विषयों की परीक्षाएं हुई, उनमें से कुछ विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं की चेकिंग का कार्य अभी बाकी है।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होने के बाद बोर्ड को रिजल्ट को अंतिम रूप देने में दस से बारह दिन का समय लगता है। बोर्ड का जोर इन्हें भी जल्द से जल्द पूरा कराने का है। जिससे कि समय से रिजल्ट घोषित किया जा सके। सीबीएसई की तरफ से अभी रिजल्ट जारी करने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। इस साल सीबीएसई की 10 वीं और 12 वीं की परीक्षा में 38 लाख से अधिक छात्र पंजीकृत हुए थे। इनमें से दसवीं कक्षा में 21, 86, 940 और बारहवीं कक्षा में 16,96,770 छात्र पंजीकृत हुए थे।