देश भर में सीबीएसई से संबद्ध स्कूल अब एएसएल (असेसमेंट ऑफ स्पीकिंग एंड लिसनिंग) को अगले माह तक आयोजित करा सकते हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इसे आयोजित कराने की तिथि को दस फरवरी तक बढ़ा दिया है। बोर्ड ने अभी तक इसके लिए 30 जनवरी तक का समय निश्चित किया था।
सीबीएसई ने नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं के छात्रों का शुनने व बोलने का कौशल परखने के लिए असेसमेंट ऑफ स्पीकिंग एंड लिसनिंग शुरू किया है।
दिसंबर में सीबीएसई ने स्कूलों को समेटिव मूल्यांकन (एसए-2) के तहत 15 दिसंबर से 30 जनवरी तक इसे आयोजित कराने के निर्देश दिए थे।
कुछ स्कूलों में अब तक टेस्टन हो सकने के चलते सीबीएसई ने इसकी तिथि को बढ़ाकर दस फरवरी तक कर दिया है। ताकि स्कूलों को पर्याप्त समय मिल सके।
टेस्ट आयोजित कराने के बाद स्कूलों को 11 से 22 फरवरी तक इसके अंकों को ऑनलाइन ही अपलोड करना होगा। स्कूलों को एएसएल के लिए लाइव टेस्ट मैटीरियल का प्रयोग करना है।