महाराष्ट्र के तीन, असम व मध्यप्रदेश के दो, दिल्ली, कर्नाटक व ओडिशा के एक-एक स्कूल में पहुंची टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को छह राज्यों के दस स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के लिए दस टीमें बनाई गई थी। सभी को स्कूलों में एक ही समय पर भेजा गया जिससे कि स्कूलों को तैयारी करने का मौका ना मिले। इस निरीक्षण का उद्देश्य बोर्ड के नियमों, शिक्षा मानकों के सख्त पालन को सुनिश्चित करना व यह देखना था कि छात्र स्कूल में उपस्थित हो रहे हैं या नहीं।
बोर्ड की टीमों ने महाराष्ट्र के तीन, असम व मध्यप्रदेश के दो, दिल्ली, कर्नाटक व ओडिशा के एक-एक स्कूल में पहुंच कर निरीक्षण किया। टीमों ने स्कूल में शिक्षण व्यवस्था, छात्रों की उपस्थिति, सुविधाओं व सुरक्षा मानकों को जांचा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस निरीक्षण की रिपोर्ट में यदि किसी स्कूल के खिलाफ नियमों के उल्लंघन का मामला पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड का कहना है कि स्कूल में किसी स्तर पर गड़बड़ी को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इससे पहले बोर्ड ने ऐसा ही निरीक्षण एक अगस्त को किया था। उस समय 15 स्कूलों में औचक निरीक्षण किया गया था।