केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का 12वीं कक्षा का परिणाम रविवार को चार बजे तक जारी होगा। छात्रों को सीबीएसई की मॉडरेशन पॉलिसी के एजुकेशन बायलॉज के पांच प्वाइंट के आधार पर राहत दी जाएगी।
देशभर के 10,678 स्कूलों के 10,98,891 छात्रों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। इसमें 4,60,026 छात्राएं और 6,38,865 छात्र शामिल हुए। सीबीएसई की वेबसाइट पर रिजल्ट देखा जा सकेगा। पिछले साल सीबीएसई की 12वीं कक्षा का परिणाम 21 मई को जारी हुआ था।
सीबीएसई प्रबंधन के मुताबिक, हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार इस साल भी मॉडरेशन पॉलिसी के तहत छात्रों को अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। इन अंकों का लाभ देने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय की मॉडरेशन कमेटी भी गठित की जा चुकी है।
यह तीन प्रश्न पत्रों के सेट के आधार पर तय करेगी कि मॉडरेशन पॉलिसी के तहत छात्रों को कितने अतिरिक्त अंकों का लाभ देना है। यह अंक नियम के तहत दस से 25 के बीच में हो सकते हैं।