-कहा- बोर्ड के नाम का दुरुपयोग कर रही है सोसाइटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने आगरा स्थित सीबीएसई बोर्ड स्कूल गेम्स वेलफेयर सोसाइटी का पंजीकरण रद्द कर दिया। सीबीएसई के अनुसार संस्था द्वारा बिना अनुमति के सीबीएसई नाम का दुरुपयोग और भ्रामक रूप से प्रचार किया गया।
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड का इस सोसाइटी के साथ कोई संबंध या मान्यता नहीं है। बोर्ड के इस संबंध में अधिसूचना जारी कर स्कूलों को निर्देश दिए हैं। जिसमें कहा गया है कि इस संस्था द्वारा किए किसी भी दावे, गतिविधि या आयोजन को अनधिकृत और अमान्य माना जाए। बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि वह इस सोसाइटी द्वारा आयोजित या प्रचारित किसी भी खेल आयोजन, गतिविधि या कार्यक्रम में छात्रों को भेजने, सहयोग करने या प्रायोजित करने से बचें।
सीबीएसई ने स्कूलों से सावधानी बरतने, उचित जांच सुनिश्चित करने और परामर्श का पूरी तरह पालन करने को कहा है। किसी भी प्रकार की शंका या जानकारी के लिए स्कूलों को केवल सीबीएसई के आधिकारिक संचार माध्यमों के जरिये संपर्क करने की सलाह दी गई है।