केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बारहवीं के नतीजे बुधवार को जारी हुए। दो दिनों के इंतजार के बाद बुधवार सुबह से ही छात्र रिजल्ट के इंतजार में जुटे हुए थे। जबकि दिल्ली जोन का रिजल्ट जारी नहीं होने की घोषणा की वजह से कई स्कूल प्रबंधक असमंजस में थे, लेकिन सीबीएसई ने तय समय से आधा घंटे पहले ही 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया।
स्कूलों से मिली जानकारी के मुताबिक, लड़कों के मुकाबले लड़कियों की पास प्रतिशत ज्यादा रही। अमूमन नामचीन स्कूलों के छात्रों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। जिससे स्कूल प्रशासन के साथ अभिभावक और बच्चे दोनों गदगद थे।
ब्ल्यू बेल्स पब्लिक स्कूल की रूहानी सेठ 98.2 फीसदी अंकों के साथ पूरे जिले में अव्वल रहीं। रूहानी को फिजिक्स में 95, मैथ में 100, कैमेस्ट्री में 100, कंप्यूटर में 99, अंग्रेजी में 97, फिजिकल एजुकेशन में 98 अंक मिले।
सेक्टर-45 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के देवांशु हल्दर ने 98.2 फीसदी अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। देवांशु को फिजिक्स में 95, मैथ में 100, कैमेस्ट्री में 99, कंप्यूटर में 100, अंग्रेजी में 97, फिजिकल एजुकेशन में 97 अंक मिले।
एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की शिवांगी अग्रवाल 97.8 फीसदी अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। शिवांगी को मैथ में 100, अकाउंट में 99, इकोनोमिक्स में 98, बिजनेस स्टडीज 97, अंग्रेजी में 95 अंक मिले।
कहीं खुशी कही गम
बारहवीं का रिजल्ट छात्रों के लिए खुशी और गम दोनों लेकर आया। 80 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले छात्र रिजल्ट देखते ही खुशी से उछल पड़े। वहीं कम आने छात्रों के चेहरे पर उदासी देखने को मिली। परीक्षा में अच्छे अंक आने के बाद छात्रों ने एक दूसरे को परीक्षा में सफल आने पर बधाई दी। वहीं स्कूल पहुंच कर छात्रों ने हिप-हिप हुर्रे और विक्ट्री साइन बनाकर अपनी सफलता को दर्शाया। सफल छात्र अपने अभिभावक के साथ मिठाई लेकर स्कूल पहुंचे।
रिजल्ट के लिए जुटे रहे छात्र
सीबीएसई के नतीजे जारी होने के बाद छात्र अपना रिजल्ट जानने के लिए जुटे रहे। बोर्ड ने तय समय से पहले रिजल्ट जारी कर दिया। एसएमएस, लैंडलाइन और सीबीएसई के वेबसाइट के अलावा विभिन्न माध्यमों से छात्र अपने नतीजे और विषयवार नंबर जानने के लिए बेताब दिखे।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों के बीच एक-दूसरे का बधाई देने और जानने के लिए फोन व मैसेज का तांता लगा रहा। सब एक-दूसरे के रिजल्ट और कुल पर्सेंटेज जानकर उन्हें बधाई दे रहे थे। अभिभावकों ने भी फोन कर अपने बच्चों के रिजल्ट के बारे में पूछा।
छुट्टी के बावजूद खुला स्कूल
गर्मी की छुट्टी होने के बावजूद शहर के अधिकतर स्कूल बुधवार को सुबह से खुले रहे। रिजल्ट जानने के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर ईमेल आईडी दर्ज कराते रहे। छात्रों का रिजल्ट जानकर जश्न मनाने के लिए स्कूलों की ओर से छात्रों को फोन कर बुलाया गया, तो कई स्कूलों द्वारा ई-मेल व फोन पर बधाई दी गई। हरेक स्कूलों ने अपने टॉपर के रिजल्ट निकाला।