केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। देशभर में दोनों परीक्षाओं के लिए करीब 44 लाख छात्र पंजीकृत हैं। परीक्षाओं के लिए बोर्ड ने सीसीटीवी कैमरों से लैस 7800 केंद्र बनाए हैं। कुछ विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से 1:30 बजे तक व कुछ विषयों की परीक्षा 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। शनिवार को 10वीं की परीक्षाओं की शुरुआत अंग्रेजी के पेपर से होगी, जबकि 18 मार्च को कंप्यूटर एप्लीकेशन के पेपर से समापन होगा। वहीं, 12वीं की परीक्षाओं की शुरुआत उद्यमिता विषय से होगी। 12वीं का अंतिम पेपर चार अप्रैल को साइकोलॉजी का होगा।
परीक्षाओं के बेहतर संचालन के लिए बोर्ड ने सभी पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। किसी प्रकार से नकल न हो इसपर भी बोर्ड की नजर रहेगी। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा। दिल्ली और बाहरी संवेदनशील केंद्रों पर पूर्ण अवधि के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। परीक्षाएं शुरू होने पर छात्रों में तनाव होना स्वाभाविक है। ऐसे में स्कूलों के प्रिंसिपल व काउंसलरों का कहना है कि परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थी जितना रिलेक्स रहेंगे उतना बेहतर तरीके से प्रश्नपत्र हल कर पाएंगे। आत्मविश्वास नहीं खोना है। इसके साथ ही विषयों का अभ्यास करना भी न छोड़ें।
जितना कूल बने रहेंगे, उतना तनाव अपने आप दूर हो जाएगा
काउंसलर्स का कहना है कि जितना कूल रवैया परीक्षाएं शुरू होने से पहले रखेंगे, उतना अपने को हल्का महसूस करेंगे। यह बिल्कुल भुला दें कि समय पर प्रश्नपत्र पूरा नहीं होगा। अगर विद्यार्थी पढ़ते रहेंगे तो वह भूलते जाएंगे इसलिए कोशिश करें कि पढ़ाई को भूल जाएं। अब जो पढ़ लिया पढ़ लिया, ध्यान रखें कि एक दिन में सब कुछ याद नहीं होगा, बल्कि इससे ज्यादा कन्फ्यूज हो जाएंगे।
एक्सपर्ट्स की राय
मयूर विहार स्थित एसएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट एकता दुबे
-दिमाग को शांत रखने के लिए लंबी-लंबी सांस लें।
-कड़ी मेहनत करें और प्रश्नपत्र हल करने के लिए बेहतर रणनीति बनाएं।
-अपने में आत्मविश्वास रखें, किसी दूसरे से अपनी तुलना न करें।
-रिलेक्स रहें, यह केवल एक परीक्षा है, इस बात का ध्यान रखें।
-किताब बंद करके महत्वपूर्ण बिंदुओं को याद करें।
-पढ़ाई के लिए सही समय सारिणी बनाएं, 25-30 मिनट पढ़ें और पांच मिनट का ब्रेक लें, ऐसा थोड़ी-थोड़ी देर में करें।
-टॉपिक पढ़ें और कुछ घंटों बाद इसकी समीक्षा करें।
एम्स की मुख्य आहार विशेषज्ञ परमीत कौर
- संतुलित व हल्का स्वस्थ भोजन लें।
- खाने का समय फिक्स करें, बार-बार न खाएं।
- जंक फूड से दूरी बनाएं, भूख लगे तो नट्स ले सकते हैं।
- कैफीन से बचें, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक से बचें, पानी पीते रहें।
- हाई फैट, शुगर, नमक और ऑयल वाला भोजन न लें।
- परीक्षा देने से पहले हल्का खाना खाकर जाएं, रात में भी उचित भोजन खाएं।
आरएमएल अस्पताल के मनोरोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. लोकेश शेखावत
- जो पहले पढ़ रखा हैं उसे ही रिवाइज करें।
- परीक्षा से पहले कोई नई जानकारी न पढ़ें।
- समय पर सोएं, पूरी नींद लें।
- परीक्षा से पहले खुद की मेमोरी की जांच न करें।
- परीक्षा केंद्र पर आधा घंटा पहले पहुंचें।
- परीक्षा केंद्र पर किसी विषय पर आपस में चर्चा न करें।
- केंद्र में संयमित रहें, परीक्षा से डरे नहीं।
- परीक्षा में प्रश्न लिखने से पहले उसे पढ़ें, जो अच्छी तरह से आता है उसे करें।
- प्रश्न में मिलने वाले अंकों के आधार पर उत्तर को उचित स्थान दें, विषय से बाहर न लिखें।
- माता-पिता बच्चे को प्रोत्साहित करें।
- परीक्षाओं में नंबर को लेकर बच्चों पर दबाव न डालें, बच्चे से बात करें।
- परीक्षाओं में किसी भी विषय को लेकर तनाव न लें।
रोहिणी स्थित माउंट आबू स्कूल की प्रिंसिपल ज्योति अरोड़ा
-आत्मविश्वास रखें, प्रैक्टिस को छोड़े नहीं।
-स्वास्थ्य का ध्यान रखें, दिमाग को फोकस रखने के लिए आधा घंटा ध्यान जरूर लगाएं।
-अंतिम समय के नोट्स बना लें।
-पूरी तरह से रिलेक्स रहें, इसके लिए लंबी-लंबी सांस लेने का अभ्यास कर सकते हैं।
-प्रश्नपत्र में कुछ छूट जाए तो तनाव को हावी न होने दें, अभिभावकों व शिक्षकों से बात करते रहें।
- किताबों व गाइड को रटने की बजाए खुद में सकारात्मक सोच उत्पन्न करें कि केवल एग्जाम ही है।
पेपर हल करते समय ध्यान देने योग्य बातें
- शीट मिल जाए उसे ध्यान से पढ़कर तुरंत भर दें।
-प्रश्नपत्र को पलटते वक्त सोचिए कि आप इसे हल कर सकते हैं। प्रश्न पत्र को गौर से देखिए और निर्देशों को सावधानीपूर्वक पढ़ें।
-पेपर को लेकर कोई पूर्वधारणा न बनाएं।
-टाइम मैनेजमेंट का ध्यान रखें, हर सेक्शन के लिए बराबर टाइम बांट लें।
-180 मिनट के पेपर के बजाए उसे 160 मिनट में पूरा करने की कोशिश करें।
- तीन घंटे के पेपर में 15 मिनट के दिए जा रहे कूल ऑफ समय में पहले पेपर पूरा पढ़ने में लगाएं।
-पेपर हल करते समय लचीला रुख अपनाएं, यानि जैसा पेपर हो उसे उसी तरह से हल करें।
-हर सेक्शन के लिए पहले से ही समय निर्धारित करके चलें कि इतने समय में मुझे इतना हल कर लेना है।
-अगर किसी सवाल में उलझ गए हों तो उसे छोड़ दें।
-हर सेक्शन को ठीक ढंग से स्कैन कर लें।
-मुश्किल सवालों पर वक्त बर्बाद न करें।
-पहले आसान सवालों को ही हल करें
-परीक्षा समाप्त होने के बाद उसके विषय में ज्यादा चर्चा न करें।