हरियाणा के सरकारी दफ्तरों में अगले वर्ष से नकद लेनदेन बंद होगा। केवल ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया जाएगा। कैशलेस भुगतान के लिए सभी सरकारी लेनदेन ‘पीओएस’ (प्वाइंट ऑफ सेल) के जरिये होगा। तहसील, पुलिस विभाग, बिजली विभाग, नगर निगम, हुडा सभी विभागों में यह व्यवस्था की जाएगी।
इस बात की जानकारी गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास ने दी। वह शुक्रवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक लेने आए थे। उन्होंने कहा कि पब्लिक से सरकार को, पब्लिक से ट्रेडर, ट्रेडर, से सरकार तथा पब्लिक से पब्लिक को कैश ट्रांसफर ‘जीरो’ करना है।
इसके लिए सभी सरकारी विभागों में पीओएस लगेगा। जहां जाकर लोग बिना नकदी के एटीएम, क्रेडिट कार्ड या मोबाइल वॉलेट के जरिये भुगतान करेंगे। हर विभाग में अलग-अलग इसकी व्यवस्था होगी। तहसील में पीओएस मशीन लगाई जाएगी।
जहां राजस्व संबंधी सभी भुगतान होंगे। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि बिजली निगम, नगर निगम आदि भी अपने यहां आने वाले लोगों को कैशलैस भुगतान के लिए प्रोत्साहित करेंगे और एक तिथि निर्धारित करके लोगों को बताएंगे कि उस तिथि के बाद नकद भुगतान नहीं लिया जाएगा।
श्रम विभाग लेबर चौक पर तथा विभिन्न फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों व अन्य कर्मियों को मोबाइल से लेनदेन के बारे में समझाने की योजना बनाकर क्रियान्वित करेगा। बता दें कि गुरुग्राम में अभी 95 प्रतिशत लोगों के जनधन के तहत अकाउंट हैं।
जिनमें केवल 86 फीसदी लोगों को डेबिट कार्ड मिले हैं। इस अवसर पर गुरुग्राम मंडल के आयुक्त डॉ. डी सुरेश ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को भरोसा दिलाया कि गुरुग्राम डिजिटल ट्रांजेक्शन को शत प्रतिशत लागू करने वाला प्रदेश का पहला जिला बनेगा। डिजीटल ट्रांजेक्शन के बारे में अभियान चलाया जाएगा।
पीओएस मशीन :
इस मशीन में कार्ड स्वैप करके भुगतान करना। बैंक द्वारा यह मशीन लगाई जाती है। यूएसएसडी : जिन व्यक्तियों के पास स्मार्ट फोन नहीं है वे अपने साधारण मोबाइल से भी मोबाइल बैंकिंग पर आधारित अनस्ट्रक्चर्ड सपलीमेंटरी सर्विस डाटा (यूएसएसडी) के माध्यम से *99 प्त पर डायल करके ऑनलाइन पैसे का भुगतान कर सकते हैं। इसमें एक ग्राहक प्रतिदिन 5000 रूपये तक का भुगतान कर सकता है। डायल करने के बाद मोबाइल पर 7 स्टेप में भुगतान हो जाएगा।
एईपीएस: आधार इनेब्लड पेमेंट सिस्टम (एईपीएस) से व्यक्ति अपने खाते में जमा राशि, कैश निकालने व जमा करवाने तथा आधार से आधार फंड ट्रांसफर कर सकता है। इसके लिए माइक्रो एटीएम या पीओएस मशीन पर आधार नंबर और बैंक का नाम भरना होता है। उसके बाद व्यक्ति को स्कैनर पर अपनी उंगली रखनी होती है। इस प्रणाली में बैंक खाता आधार नंबर से जुड़ा होना चाहिए। राशन डिपो में यह मशीन लगाई गई है।
यूपीआई: इसमें स्मार्ट फोन इंटरनेट सुविधा के साथ होना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन के लिए बैंक अकाउंट की डिटेल डालनी होगी। इस एप के साथ 28 बैंको के एप जुड़े हुए है। यूपीआई से पैसे प्राप्त भी किए जा सकते हैं।