आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों की मुश्किलें बढ़ गई है। महिला की शिकायत पर विधायक सोमनाथ भारती, अमानतुल्ला खान और जरनैल सिंह के खिलाफ विधानसभा में मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, बृहस्पतिवार शाम तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त जतिन नरवाल ने बताया कि जांच के बाद ही मामले पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में विधानसभा कार्यवाही के दौरान दो युवकों ने सदन में स्वास्थ्य मंत्री सतेन्द्र जैन के त्यागपत्र की मांग को पर्चे फेंक दिए थे। इस घटना के बाद दोनों युवकों से कथत मारपीट मामले के दौरान उक्त महिला से भी मारपीट का आरोप लगा था।
पुलिस के अनुसार पीड़िता तिलक नगर के चौखंडी इलाके की रहने वाली है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीते 28 जून को वह विधानसभा की कार्यवाही देखने गयी थी, लेकिन दर्शक दीघा का पास नहीं बनने के चलते वह विधानसभा में नहीं जा सकी।
वह विधानसभा परिसर से बाहर खड़ी थी। इसी दौरान उसने देखा कि भीतर से भीड़ शोर शराबा करते हुए बाहर निकली। भीड़ में तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह भी थे।