बृहस्पतिवार को जिला उपायुक्त अशोक सांगवान ने दो गांवों के सरपंचों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। उपायुक्त के मुताबिक ऐसी सूचना मिली है कि कई सरपंच काम छिपाने के लिए पंचायत रिकॉर्ड को खुर्द-बुर्द कर रहे हैं।
ऐसा करना पंचायती राज अधिनियम के विरुद्ध है। संबंधित सरपंच के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिन दो गांवों के सरपंचों के खिलाफ उन्होंने केस दर्ज करने के लिए पुलिस को पत्र भेजा है उनमें ग्राम पंचायत सीलखो व नल्हड़ शामिल हैं।
सीलखो ग्राम पंचायत के सरपंच पर राज्य सरकार की ओर से विकास कार्यों के लिए जारी धनराशि में गड़बड़ी करने का आरोप है। जबकि गांव नल्हड़ के सरपंच ने पंचायत के रिकॉर्ड को खुर्द-बुर्द किया है।
सांगवान ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ऋषि कुमार व उप पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों की शिकायत मिलने के तुरंत बाद संबंधित सरपंच के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।