-16 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर से चोरी हुई कार, गृह मंत्रालय के अलावा कार के अगले शीशे पर लगा था सीजीओ कॉम्प्लेक्स और एयरपोर्ट एंट्री का पास
-गृह मंत्राजय की ओर से एडवाइजरी जारी कर इस कार को किसी भी सरकारी भवन में प्रवेश पर लगा दिया गया प्रतिबंध
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गृह मंत्रालय का स्टीकर लगी अर्टिगा कार 16 नवंबर को मयूर विहार फेज-2 स्थित घर के बाहर से चोरी हो गई। पुलिस को सूचना देने के बाद गृह मंत्रालय को सूचित किया गया है। पांडव नगर पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गृह मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी कर कार को किसी भी सरकारी भवन में प्रवेश पर प्रतिबंधित कर दिया है। इसके अलावा तमाम सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
लाल किला के पास हुए ब्लास्ट के बाद लगभग पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया गया। रोजाना ही कोई न कोई संदिग्ध पकड़े जा रहे हैं। माना जा रहा है कि कई संदिग्ध अभी भी छिपे हुए हैं। ऐसे में गृह मंत्रालय का स्टीकर लगी कार चोरी होने की घटना को बड़ा माना जा रहा है।
गृह मंत्रालय की एडवाइजरी में बताया गया है कि कार पर गृह मंत्रालय के अलावा सीजीओ कॉम्प्लेक्स और एयरपोर्ट एंट्री पास (जीएमआर) भी लगा है। गृह मंत्रालय ने डीआईजी (सीआईएसएफ), डीसीपी ट्रैफिक, डीसीपी स्पेशल ब्रांच, डीसीपी पीसीआर समेत अन्य एजेंसियों को सतर्क रहने के आदेश जारी किए हैं।