बुलंदशहर जिले में एक कार डिवाइडर से टकराकर विपरीत दिशा में जाकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार दिल्ली से खुर्जा की तरफ जा रही थी।
खुर्जा एनएच-34 पर मधुसूदन डेयरी के पास एक कार डिवाइडर से टकराकर विपरीत दिशा में जाकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने हाइवे से कार को हटाकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
खुर्जा देहात थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र स्थित शहीद नगर निवासी आमिर उर्फ सोनी (26) और उसका दोस्त खुर्जा के मोहल्ला सराय मुर्तजा निवासी आरिफ दिल्ली में ही टैक्सी चलाते हैं। सोमवार को दोनों दिल्ली से वापस घर आ रहे थे। शाम करीब चार बजे जब वह खुर्जा में मधुसूदन डेयरी के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई।
इसके बाद कार डिवाइडर से टकरा कर पलटी मारते हुए विपरीत दिशा में जा पहुंची। गनीमत रही कि दूसरी तरफ किसी वाहन चालक से टक्कर नहीं हुई। हादसे में कार सवार दोनों युवक घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायलों को जटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आमिर को मृत घोषित कर दिया और आरिफ को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था। इसमें अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई।