समयपुर बादली इलाके में एक अनियंत्रित आई टेन कार ने चार साल की बच्ची को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक जख्मी बच्ची को लेकर कार से अस्पताल पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। कार चालक की पहचान पीतमपुरा निवासी राजेश बंसल के रूप में हुई है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोनी (4) अपने परिजनों के साथ लिबासपुर इलाके में रहती थी। शुक्रवार दोपहर सोनी अपने पिता श्यामदेव मुखिया के साथ गली में खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से एक अनियंत्रित कार बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्ची अचेत होकर नीचे गिर गई। कार का पहिया बच्ची के सिर पर चढ़ गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार को घेर लिया। चालक कार को रोक कर जख्मी बच्ची के पास आया और उसे अपनी कार में रखकर अस्पताल पहुंचाया। पर अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक घटना के समय कार को पीतमपुरा निवासी राजेश बंसल चला रहा था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राजेश का इसी इलाके में गोदाम है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।