दिल्ली के पॉश इलाके में हिट एंड रन का मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, केजी मार्ग-टॉलस्टाय मार्ग की रेड लाइट पर एक कार सवार युवक ने बाइक सवार दो लड़कों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादस में एक लड़के की मौत हो चुकी है और दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
गाड़ी का पीछा करता रहा बिलाल, आरोपी फरार
बताया जा रहा है कि जैसे ही कार सवार ने बाइक को टक्कर मारी तो एक लड़का दूर जाकर गिरा और दूसरा लड़का गाड़ी की छत के ऊपर जा गिरा। इसके बाद कार सवार ने गाड़ी को रोका नहीं बल्कि दौड़ाता हुआ ले गया। घटना के चश्मदीद मोहम्मद बिलाल ने अपने मोबाइल से गाड़ी का वीडियो बना लिया। बिलाल ने गाड़ी का पीछा करते हुए कई बार हॉर्न बजाया लेकिन गाड़ी को नहीं रोका। और तीन किलोमीटर दूर दिल्ली गेट पर जाकर गाड़ी के ऊपर लेटे लड़के को नीचे फेंक कर फरार हो गए। यह घटना रात 12:55 मिनट की बताई जा रही है।
दिल्ली के कंझावला में भी हो चुकी है ऐसी वारदात
बता दें कि इस हादसे में मारे गए लड़के का नाम दीपांशु वर्मा बताया जा रहा है। दीपांशु की उम्र 30 साल है। वहीं दूसरा लड़का 20 साल का मुकुल है, जो गंभीर रूप से घायल हो गया है। वहीं इससे पहले दिल्ली के कंझावला इलाके में भी कुछ इसी तरह की वारदात हुई थी। जिसमें एक लड़की को गाड़ी से आरोपी घसीटते हुए ले गया था। इस घटना में युवती की मौत हो गई थी। यह मामला 31 दिसंबर 2022 की रात को हुआ था। अगले दिन नया साल था।