आरडब्ल्यूए गाजियाबाद के पदाधिकारियों ने बुधवार को शहर के मुख्य चौराहों पर गाड़ी चलाने वाले लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर कार फ्री डे में सहयोग करने की अपील की।
यह बात और है कि कार फ्री डे में आरडब्ल्यूए और जिला प्रशासन केवल फूल ही बांटता रह गया, जबकि शहर की सड़कों पर धड़ल्ले से कारें दौड़ीं।
कार फ्री डे के लिए इंदिरापुरम जोन के सीआईएसएफ क्रासिंग, मोहन नगर चौराहा, अटल चौक (वसुंधरा) स्वदेशी चौक (विजयनगर), राजनगर एक्सटेंशन चौक और चौधरी मोड़ पर आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद के पदाधिकारियों सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जागरूकता अभियान चलाया।
वायु प्रदूषण की जानकारी देने के लिए एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल, एसपी ट्रैफिक अमर सिंह यादव और सीओ ट्रैफिक पीपी कर्णवाल ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ चौधरी मोड़ पर कुछ देर तक साइकिल की सवारी भी की।
अटल चौक पर आरडब्ल्यूए के पीएस सिंह और संजय गुप्ता ने अपने पचास साथियों तथा एडीएम सिटी के साथ कार चलाने वाले लोगों को गुलाब के फूल भेंट किए।
वहीं, मोहन नगर चौराहे पर फेडरेशन के प्रशासनिक सदस्य रवि पवार की टीम, स्वदेशी चौक पर डॉ. आरके आर्या, राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर अजय जैन व राजकुमार त्यागी ने लोगों को जागरूक किया।
आरडब्ल्यूए फेडरेशन के चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि यह पहली सांकेतिक मुहिम थी। अगले माह से 10 तारीख को कार चलाने को अनुशासनहीनता में शामिल किया जाएगा।
साइकिल चलाकर दिया संदेश
कार फ्री डे पर बुधवार को अफसरों ने साइकिल चलाकर शहर को जाम और पॉल्यूशन मुक्त करने का संदेश दिया। लोगों से अपील की है कि वह साइकिल का इस्तेमाल करें। साइकिल पर पुलिस अफसर शहर में घूमे, राहगीरों ने उनकी अपील फॉलो करने का भी निर्णय लिया।