घायल बाइक सवार की पहचान राजेश (56) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ संत नगर बुराड़ी में रहते हैं और निजी कंपनी में काम करते हैं। राजेश ने बताया कि 15 नवंबर की सुबह वह अपनी पत्नी दुरजेश को लेकर अपनी बाइक से विष्णु गार्डन जा रहे थे। केशोपुर मंडी के गेट संख्या पांच के पास एक चालक अपनी कार को उनकी बाइक के पास से ले गया। इस दौरान कार का एक पहिया उनके पैर पर चढ़ गया।
उन्होंने शोर मचाकर चालक को कार रोकने के लिए कहा और अपनी बाइक से उतरकर चालक के पास गए। उन्होंने चालक से गाड़ी देखकर चलाने के लिए कहा। इतना सुनते ही चालक कार से बाहर निकला और राजेश के साथ गाली गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर चालक ने हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया और एक अंगुली को दांत से काटकर अलग कर दिया।
अंगुली के ऊपरी हिस्से को उनके सामने ही थूक कर वहां से भागने की कोशिश करने लगा। राजेश के शोर मचाने पर आस पास के लोगों ने भागते आरोपी को दबोच लिया। इसी बीच वहां पीसीआर वैन भी आ गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर ख्याला थाना पुलिस के हवाले कर दिया और घायल राजेश को लेकर पास के अस्पताल में गई। पीड़ित का इलाज करवाने के बाद पुलिस ने उनके बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मीरा एंक्लेव निवासी उमंग तनेजा के रूप में हुई है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हल्की धारा में मामला दर्ज किया है।